डेस्क:उत्तर प्रदेश में छांगुर बाबा गिरोह के खुलासे के बीच अब आगरा पुलिस ने एक और अत्यंत खतरनाक धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह आईएसआईएस मॉड्यूल की तर्ज़ पर काम करता था, जिसमें हर सदस्य की भूमिका तय थी। इस गिरोह की पहुंच कई राज्यों तक फैली हुई थी और इसका नेटवर्क न केवल स्थानीय, बल्कि अंतरराष्ट्रीय फंडिंग से भी संचालित हो रहा था।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरोह के अंदर अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं— कोई विदेश से फंड लाने का काम करता था, कोई उस रकम को एजेंटों तक पहुंचाता था। किसी का जिम्मा सुरक्षित ठिकाने दिलाने का था तो कोई कानूनी सहायता, नए फोन व सिम का इंतज़ाम करता था।
प्रेम जाल और ब्रेनवॉश की ‘स्पेशल यूनिट’
गिरोह के भीतर लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरण के लिए तैयार करने की विशेष टीम थी। ये टीम युवा लड़कों को ट्रेनिंग देती थी कि किस तरह भोली-भाली लड़कियों को सब्जबाग दिखाकर फंसाया जाए। दस्तावेज तैयार करने और ब्रेनवॉश करने के लिए भी अलग-अलग टीमें थीं। यदि कोई लड़की अपना मन बदलने लगे, तो एक खास टीम उसे दोबारा मानसिक रूप से तोड़ने का प्रयास करती थी।
ऑपरेशन ‘अस्मिता’ और कोलकाता से बहनों की रिहाई
इस गिरोह का जब सुराग मिला, तो पूरा अभियान बेहद गोपनीय तरीके से चलाया गया। डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश को पहले सूचित किया गया। फिर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में ऑपरेशन अस्मिता शुरू हुआ। जांच में सामने आया कि आगरा से दो सगी बहनें लापता थीं और उनका धर्मांतरण कराया जा चुका था।
इन दोनों बहनों का लोकेशन कोलकाता के मुस्लिम बहुल इलाके में ट्रेस किया गया। तत्काल एडीसीपी सिटी आदित्य के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। सादे कपड़ों में कोलकाता जाकर पहले रेकी की गई और फिर स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी गई। इस दौरान दोनों बहनों को छुड़ा लिया गया और चार आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद अन्य राज्यों में भी छापेमारी कर गिरोह के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। पूरा अभियान पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की निगरानी में संचालित हुआ।
फिलहाल, गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन शहरों और संस्थानों से जुड़ा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

