स्पोर्ट्स डेस्क:पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को नहीं लगता कि रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाया जाना कोई मुद्दा भी है। उन्होंने इसे सामान्य ठहराते हुए कहा कि ये तो उनके साथ भी हो चुका है। राहुल द्रविड़ के साथ भी हो चुका है। सबके साथ होता है। उन्हें नहीं लगता कि ये बर्खास्तगी है। उन्होंने रोहित शर्मा को एक शानदार लीडर करार दिया।
इंडिया टुडे से बातचीत में गांगुली ने कहा, ‘मुझे पूरा यकीन है कि रोहित से बात की गई होगी। मैं निश्चित नहीं हूं कि ये बर्खास्तगी है। मुझे यकीन है कि यह एक आपसी चर्चा है। रोहित एक शानदार लीडर रहे हैं- वह टी20 वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुके हैं। रोहित शर्मा के साथ प्रदर्शन का मसला ही नहीं है। 2027 में वह 40 वर्ष के होगों। खेल में ये एक बड़ा नंबर है। ये मेरे साथ हुआ, ये द्रविड़ के साथ हुआ…ये सबके साथ होता है। यहां तक कि शुभमन गिल भी 40 में इसका सामना करेंगे।’
शुभमन गिल को टेस्ट के बाद वनडे का भी कप्तान बनाए जाने का बचाव करते हुए सौरव गांगुली ने कहा, ‘गिल को प्रमोट करना खराब फैसला नहीं है। उन्होंने इंग्लैंड में बहुत सारा टैलेंट दिखाया। मैं समझता हूं कि ये एक सही फैसला है…जब तक आप एक युवा कप्तान को तैयार कर रहे हैं, संवार रहे हैं तब तक रोहित खेल सकते हैं।’
सौरव गांगुली भी चाहते हैं कि रोहित शर्मा को घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए। उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा था,’हां, 40 की उम्र बहुत होती है। ये इस बात पर निर्भर करता है कि वह कितना फिट रहते हैं, वह कितना क्रिकेट खेलते हैं और वह कितने रन बनाते हैं। उन्हें जो भी मौका मिले उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। बात यही है कि क्रिकेट ऐसा खेल है जहां आपको तेज बने रहने के लिए खेलते रहना पड़ता है।’
इसी महीने से टीम इंडिया का ऑस्ट्रेलिया दौरा शुरू होने वाला है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी। रोहित शर्मा और विराट कोहली लंबे समय बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नजर आएंगे। दोनों को वनडे टीम में चुना गया है। हालांकि रोहित शर्मा की जगह शुभमन गिल को कप्तान बनाया गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
