मुंबई : लोकप्रिय टेलीविजन शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के निर्माता अब इस फ्रेंचाइज़ी को एनिमेशन के माध्यम से बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। शो बनाने वाली कंपनी नीला मेडियाटेक दो नई 3डी एनिमेटेड फिल्मों को जल्द ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ करने जा रही है। इन फिल्मों को देश की छह प्रमुख भाषाओं में पेश किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पहली एनिमेटेड फिल्म ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा 3डी एनिमेटेड मूवी: गोकुलधाम टू गैलेक्टो’ पहले ही रिलीज़ की जा चुकी है, जबकि दूसरी फिल्म ‘द बिग फैट एलियन वेडिंग’ को 26 जनवरी को दर्शकों के सामने लाया जाएगा। दोनों फिल्मों को हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा।
निर्माताओं का कहना है कि इन एनिमेटेड फिल्मों के जरिए शो के लोकप्रिय किरदारों को नए अंदाज़ में पेश किया जा रहा है, जिससे बच्चों और डिजिटल दर्शकों के बीच इसकी पहुंच और बढ़ेगी। यह फिल्में मुख्य रूप से यूट्यूब जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ की जाएंगी।
नीला मेडियाटेक के अनुसार, एनिमेशन के माध्यम से कहानी कहने का यह प्रयास ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ ब्रांड के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम है। इससे शो की पारिवारिक और सामाजिक मूल्यों पर आधारित पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ पिछले कई वर्षों से भारतीय टेलीविजन का सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो रहा है और अब एनिमेशन के जरिए यह फ्रेंचाइज़ी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने जा रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

