नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस से पहले देश की सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। खुफिया इनपुट के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद मिलकर ‘कोड 26-26’ के तहत देश के विभिन्न शहरों में हमलों की योजना बना रहे हैं। इस इनपुट के बाद दिल्ली समेत कई संवेदनशील शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से सख्त कर दिया गया है।
खुफिया एजेंसियों ने दिल्ली पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पहली बार एक विशेष वांटेड नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े संदिग्ध आतंकी और दिल्ली निवासी मोहम्मद रेहान की तस्वीर साझा की गई है।
जारी पोस्टर में शाहिद फैसल का नाम भी शामिल है, जिसे बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट समेत दक्षिण भारत में हुए कई आतंकी हमलों का कथित मास्टरमाइंड माना जा रहा है। खुफिया रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि आतंकी संगठन गणतंत्र दिवस से पहले देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ हमले करने की कोशिश कर सकते हैं।
धार्मिक स्थल संभावित निशाने पर
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, ‘कोड 26-26’ का आशय गणतंत्र दिवस से पहले किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देना है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि आतंकी समूह सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के इरादे से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को निशाना बना सकते हैं। संभावित लक्ष्यों में अयोध्या का राम मंदिर और जम्मू का रघुनाथ मंदिर शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल के साथ-साथ सीमावर्ती इलाकों में बीएसएफ को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर भारत के सभी प्रमुख राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट मोड में रखा गया है और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

