डेस्क : मणिपुर में जारी जातीय तनाव के बीच एक बार फिर हालात को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कुकी-जो बहुल चूड़ाचांदपुर जिले के एक गांव में बुधवार शाम एक मैतेई युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस निर्मम वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य में तनाव फिर से गहराता नजर आ रहा है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित करीब 1 मिनट 12 सेकंड के वीडियो में युवक अंधेरे में जमीन पर बैठा दिखाई देता है। वह हाथ जोड़कर सामने खड़े लोगों से अपनी जान की भीख मांगता है। वीडियो में हमलावर नजर नहीं आते, लेकिन अचानक दो गोलियों की आवाज सुनाई देती है, जिसके बाद युवक जमीन पर गिर पड़ता है।
वीडियो पर अंग्रेजी में लिखा संदेश — “No peace, no popular government” — इस हिंसा को एक राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह संदेश मणिपुर में राष्ट्रपति शासन हटाकर निर्वाचित सरकार बहाल करने की प्रक्रिया के खिलाफ चेतावनी के रूप में दिया गया है।
चूड़ाचांदपुर के पुलिस अधीक्षक गौरव डोगरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक की पहचान मयांगलबम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से घाटी के काकचिंग खुनौ का निवासी था, लेकिन पिछले करीब एक महीने से नाथजांग गांव में अपनी पत्नी चिंग्नु हाओकिप के साथ रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, मयांगलबम आमतौर पर नेपाल में रहकर काम करता था और हाल ही में गांव आया था। उसकी मौजूदगी की जानकारी स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन को थी। बुधवार शाम हथियारबंद बदमाश गांव में दाखिल हुए और उसे गोली मार दी। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है।
गौरतलब है कि मणिपुर में पिछले वर्ष से राष्ट्रपति शासन लागू है, जिसे 14 फरवरी को एक साल पूरा होने जा रहा है। केंद्र सरकार राज्य में लोकतांत्रिक सरकार की बहाली के लिए विभिन्न समुदायों के साथ संवाद कर रही है। हाल ही में कुकी-जो संगठनों और विधायकों की बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि जब तक कुकी-जो बहुल क्षेत्रों के लिए अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाने की लिखित राजनीतिक प्रतिबद्धता नहीं दी जाती, तब तक नई सरकार के गठन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
हाल के दिनों में राज्य में हालात अपेक्षाकृत शांत थे, लेकिन इस ताजा हत्या और उससे जुड़े वायरल वीडियो ने शांति प्रयासों को गहरा झटका दिया है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

