डेस्क : हरियाणा पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। कई जघन्य अपराधों में वांछित कुख्यात गैंगस्टर सोमबीर उर्फ मोटा को अमेरिका से डिपोर्ट कर मंगलवार देर रात भारत लाया गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर पहुंचते ही हरियाणा STF की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
20 से अधिक संगीन मामलों में था फरार
रोहतक जिले के कारौर गांव निवासी सोमबीर मोटा पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह कुख्यात गैंगस्टर अनिल छिप्पी का भाई है। जांच एजेंसियों के अनुसार उसके संबंध लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गैंग से भी जुड़े रहे हैं, जिसके चलते वह लंबे समय से पुलिस के रडार पर था।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए विदेश भागा
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में सोमबीर ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाया और देश छोड़कर अमेरिका चला गया। विदेश में रहकर वह अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा था। हरियाणा STF ने जांच के दौरान उसके फर्जी पासपोर्ट का खुलासा किया और इंटरपोल की मदद से उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया। इसके बाद अमेरिकी एजेंसियों ने उसे हिरासत में लेकर डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की।
CBI और इंटरपोल का अहम सहयोग
सोमबीर को भारत लाने की प्रक्रिया में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), इंटरपोल और गृह मंत्रालय की अहम भूमिका रही। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे भारत भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान राज्य में सक्रिय गैंग नेटवर्क, रंगदारी और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
2025 में विदेश से पकड़े गए अन्य बड़े अपराधी
हरियाणा STF और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के समन्वय से वर्ष 2025 में कई वांछित अपराधियों को विदेशों से गिरफ्तार कर भारत लाया गया।
1. जोगिंदर ग्योंग (फिलीपींस)
02 फरवरी 2025 को हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत 38 मामलों में वांछित जोगिंदर ग्योंग को फिलीपींस से डिपोर्ट किया गया।
2. नरेश नरसी (आर्मेनिया)
04 मार्च 2025 को आर्मेनिया में छिपे गैंगस्टर नरेश नरसी को गिरफ्तार कर भारत लाया गया।
3. कुणाल जून (कजाकिस्तान)
27 अप्रैल 2025 को हत्या और जबरन वसूली के 19 मामलों का सामना कर रहे कुणाल जून को कजाकिस्तान से डिपोर्ट किया गया।
4. मैनपाल बादली (कंबोडिया)
पैरोल पर रिहा होने के बाद फरार हुए मैनपाल बादली को 02 सितंबर 2025 को कंबोडिया से वापस लाया गया। उस पर हत्या के 30 मामले दर्ज थे।
5. लखविंदर लाखा (अमेरिका)
25 अक्टूबर 2025 को लखविंदर लाखा को अमेरिका से भारत लाया गया, जिससे यह स्पष्ट संदेश गया कि विदेश में शरण लेकर कानून से बचना अब संभव नहीं।
हरियाणा पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

