फरीदाबाद : शहर के बसंतपुर गांव की सनलाइट कॉलोनी में शुक्रवार रात एक खौफनाक घटना ने हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, पति ने अपनी अलग रह रही पत्नी संगीता देवी (30) को उसके घर के बाहर तीन राउंड फायर करके मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पति से अलग रह रही थी पत्नी
पुलिस ने बताया कि संगीता कुछ समय से अपने दो बच्चों के साथ पति और ससुराल वालों से अलग रह रही थी। दंपति के बीच तलाक का मामला कोर्ट में लंबित था और पारिवारिक विवाद चल रहा था।
शुक्रवार रात लगभग 8 बजे संगीता के पति कुछ परिजनों के साथ उसके घर पहुंचे, लेकिन जब वह घर पर नहीं मिली तो लौटने लगे। इसी दौरान गली में संगीता उनसे टकराई। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। जैसे ही विवाद बढ़ा, संगीता पीछे हटने लगी, उसी समय पति ने उस पर तीन राउंड फायर कर दिए। दो गोलियां उसे लगीं और वह सड़क पर गिर पड़ी।
अस्पताल में भी नहीं बचाई जा सकी जान
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए। संगीता के पिता भी मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से उसे सेक्टर-31 के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया तलाक विवाद
पल्ला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी बिहार का रहने वाला है और तलाक को लेकर चल रहे विवाद को शुरुआती जांच में मुख्य कारण माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और आगे की जांच जारी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

