डेस्क : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और हाल के महीनों में हुई बढ़ोतरी के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। हालांकि शनिवार को तेल विपणन कंपनियों ने ईंधन की कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं किया, लेकिन कई शहरों में पेट्रोल 110 रुपये प्रति लीटर से ऊपर और डीजल 104 रुपये प्रति लीटर के पार बिक रहा है।
ताजा दरों के अनुसार हैदराबाद में पेट्रोल 115.69 रुपये प्रति लीटर और डीजल 103.82 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है, जबकि तिरुवनंतपुरम में पेट्रोल 115.49 रुपये और डीजल 104.42 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। इसी तरह पटना, कोलकाता और बेंगलुरु जैसे शहरों में भी ईंधन की कीमतें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की तुलना में काफी अधिक बनी हुई हैं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है। मुंबई में पेट्रोल 111.18 रुपये और डीजल 97.83 रुपये प्रति लीटर, जबकि कोलकाता में पेट्रोल 113.47 रुपये और डीजल 99.82 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों, आयात लागत, विनिमय दरों और विभिन्न राज्यों में लगने वाले वैट तथा स्थानीय करों के कारण अलग-अलग शहरों में ईंधन के दामों में अंतर देखने को मिलता है। हाल के सप्ताहों में वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों का असर भी तेल बाजार पर पड़ा है।
गौरतलब है कि मई महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी की गई थी, जिसके बाद से दाम स्थिर बने हुए हैं। बावजूद इसके, कई शहरों में उपभोक्ताओं को अब भी रिकॉर्ड स्तर के ईंधन मूल्य का सामना करना पड़ रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
