डेस्क : अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन से इस्तीफा देने की खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि वह ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के अंत तक अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनके पूरे दूसरे कार्यकाल तक काम करना शुरू से ही उनकी योजना रही है।
रुबियो का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटके के बाद उनके प्रशासन छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रुबियो वर्ष 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की संभावनाओं को देखते हुए अपने पद से इस्तीफा देने पर विचार कर रहे हैं।
‘मुझे नहीं पता ऐसी खबरें कहां से आती हैं’
द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में रुबियो ने इन अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप के लिए उनके दूसरे कार्यकाल की पूरी अवधि तक काम करना हमेशा से मेरी योजना रही है।” उन्होंने इस्तीफे की खबरों पर हैरानी जताते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि ऐसी खबरें कहां से आती हैं।
रुबियो ने अपने मौजूदा काम को लेकर संतुष्टि भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उन्हें अपना काम पसंद है। जब उनसे पद छोड़ने की संभावनाओं के बारे में पूछा जाता है, तो वह अक्सर इस पर हंसते हैं। उन्होंने अपनी दोहरी जिम्मेदारी का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि जब लोग उनके नौकरी छोड़ने की बात करते हैं, तो वह पूछते हैं कि आखिर कौन-सी नौकरी छोड़ने की बात हो रही है?
व्हाइट हाउस और विदेश विभाग ने भी किया खंडन
रुबियो के इस्तीफे की अटकलों को व्हाइट हाउस और अमेरिकी विदेश विभाग पहले ही खारिज कर चुके हैं। विदेश विभाग के सहायक सचिव डायलन जॉनसन ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया। वहीं, व्हाइट हाउस की प्रवक्ता बेनी रे हार्मनी ने भी इन दावों को गुमनाम सूत्रों पर आधारित मनगढ़ंत खबर करार दिया।
दरअसल, ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रुबियो और उनके सलाहकार भविष्य की राजनीतिक संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उन्होंने व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ पद छोड़ने की संभावना पर चर्चा की थी, हालांकि इस संबंध में कोई अंतिम फैसला या समयसीमा तय नहीं हुई थी।
2028 के राष्ट्रपति चुनाव पर साधी चुप्पी
मार्को रुबियो को रिपब्लिकन पार्टी में वर्ष 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित उम्मीदवारों में से एक माना जा रहा है। इस दौड़ में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का नाम भी प्रमुखता से लिया जाता है। हालांकि, रुबियो ने अपने भविष्य की राजनीतिक योजनाओं पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह अब 2028 के राष्ट्रपति चुनाव को लेकर बात नहीं करना चाहते। फिलहाल रुबियो विदेश मंत्री के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। ऐसे में उनका बयान ट्रंप प्रशासन में उनकी भूमिका और भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाने वाला माना जा रहा है।













राज्य-शहर
बिजनेस
जीवंत




