डेस्क : अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। भारतीय मूल के रंजीव पुरी को मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का स्पीकर चुना गया है। इसके साथ ही उन्होंने इतिहास रच दिया है। वह इस महत्वपूर्ण पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं।
42 वर्षीय रंजीव पुरी को गुरुवार को मिशिगन हाउस के डेमोक्रेटिक सदस्यों ने स्पीकर चुना। उनका चयन ऐसे समय में हुआ है, जब हालिया चुनावों के बाद मिशिगन की राजनीति में डेमोक्रेटिक पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है। पार्टी को राज्य की प्रतिनिधि सभा में बहुमत मिला है।
पंजाबी अप्रवासी परिवार में हुआ जन्म
रंजीव पुरी का जन्म पंजाबी अप्रवासी परिवार में हुआ। उनके माता-पिता बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर भारत से अमेरिका पहुंचे थे। पुरी ने अपनी राजनीतिक यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2020 में वह मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के लिए चुने जाने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने थे।
वर्ष 2025 में उन्हें रिपब्लिकन पार्टी के नियंत्रण वाली 110 सदस्यीय मिशिगन हाउस में डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के 2008 और 2012 के चुनाव अभियानों में भी काम कर चुके हैं।
माता-पिता के संघर्ष को बताया अपनी प्रेरणा
स्पीकर चुने जाने के बाद रंजीव पुरी ने सोशल मीडिया पर अपने सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनके साथियों ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं और नई जिम्मेदारी संभालने के लिए उत्साहित हैं।
उन्होंने अपने माता-पिता के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि जब उनके माता-पिता अमेरिका आए थे, तब उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी कि एक दिन उनका बेटा इतिहास रचेगा और मिशिगन हाउस का नेतृत्व करेगा। पुरी ने इसे अमेरिका के अवसरों और संभावनाओं का प्रतीक बताया।
मिशिगन की राजनीति में नई शुरुआत
मिशिगन हाउस में डेमोक्रेटिक पार्टी को 63 सीटों के साथ बहुमत मिला है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी के पास 47 सीटें हैं। रंजीव पुरी 2027-2028 के विधायी कार्यकाल में स्पीकर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
उनका चयन भारतीय मूल के अमेरिकी समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह उपलब्धि अमेरिकी राजनीति में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व की भूमिका को भी दर्शाती है।













राज्य-शहर
बिजनेस
जीवंत




