डेस्क : महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित एकीकरण को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार और अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल की मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुई मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में नए समीकरणों को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। मुलाकात के दौरान शरद पवार ने 10 नवंबर के बाद बैठकर बातचीत करने की बात कही है।
दरअसल, शरद पवार इन दिनों मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। गुरुवार को अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल उनसे मिलने पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। इस दौरान पटेल ने शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
10 नवंबर के बाद होगी बातचीत
इस मुलाकात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें शरद पवार और प्रफुल्ल पटेल के बीच 10 नवंबर के बाद मिलने को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। वीडियो में पटेल कहते नजर आ रहे हैं कि वह 10 तारीख के बाद मुंबई में रहेंगे और जब शरद पवार कहेंगे, तब दोनों बैठकर चर्चा कर सकते हैं। इस पर शरद पवार भी सहमति जताते हुए बातचीत करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
हालांकि, प्रस्तावित बैठक का एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन दोनों नेताओं के बीच इस बातचीत को एनसीपी के दोनों गुटों के भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
विलय की अटकलों को मिला नया आधार
महाराष्ट्र में एनसीपी के दोनों गुटों के एक होने की संभावनाओं पर पहले भी चर्चा होती रही है। हाल ही में प्रफुल्ल पटेल समेत एनसीपी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली में मुलाकात की थी। इस बैठक में पार्टी के संगठन और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा होने की खबरें सामने आई थीं।
इस बैठक में पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार और उनके बेटे पार्थ पवार की अनुपस्थिति ने भी राजनीतिक चर्चाओं को हवा दी थी। इसके बाद प्रफुल्ल पटेल का शरद पवार से मिलना और 10 नवंबर के बाद दोबारा बातचीत की बात कहना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनीतिक मतभेद, लेकिन रिश्तों में कड़वाहट नहीं: पटेल
शरद पवार से मुलाकात के बाद प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि उनके और शरद पवार के बीच राजनीतिक मतभेद जरूर हैं, लेकिन व्यक्तिगत संबंधों में कभी कड़वाहट नहीं रही। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच पुराने संबंध हैं और वे आगे भी कायम रहेंगे।
पटेल के मुताबिक, शरद पवार की तबीयत अब अच्छी है और बातचीत के दौरान वह सामान्य एवं प्रसन्न नजर आए। दोनों के बीच महाराष्ट्र, देश और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम को लेकर भी सामान्य चर्चा हुई।
फिलहाल विलय पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं
एनसीपी के दोनों गुटों के एकीकरण को लेकर चर्चाओं के बावजूद अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से विलय की औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। शरद पवार पहले भी अपनी पार्टी के विलय की संभावनाओं को लेकर सार्वजनिक रूप से अलग रुख रख चुके हैं।
ऐसे में 10 नवंबर के बाद होने वाली संभावित बैठक पर महाराष्ट्र की राजनीति की नजरें रहेंगी। यह मुलाकात केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित रहती है या दोनों गुटों के राजनीतिक भविष्य को लेकर कोई नई पहल होती है, इसका खुलासा आने वाले दिनों में हो सकता है।













राज्य-शहर
बिजनेस
जीवंत




