डेस्क : सलमान खान ने अपनी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर एक ऐसा ऐलान किया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है। सलमान खान ने घोषणा की है कि 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग उनकी यह फिल्म सिनेमाघरों में महज 11 रुपये का टिकट खरीदकर देख सकेंगे। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान किए गए इस ऐलान की सोशल मीडिया पर भी चर्चा हो रही है।
आज के दौर में जहां मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने के लिए दर्शकों को अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ती है, वहीं सलमान का यह फैसला बुजुर्ग दर्शकों के लिए खास माना जा रहा है।
किसे मिलेगा 11 रुपये की टिकट का फायदा?
सलमान खान ने स्पष्ट किया कि यह विशेष ऑफर 75 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए है। यानी जिनकी उम्र 75 वर्ष से ज्यादा है, वे फिल्म ‘मातृभूमि’ महज 11 रुपये में देख सकेंगे।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान ने कहा, “हमने 75 के ऊपर के लोगों का टिकट रखा है 11 रुपये।”
हालांकि, अभी तक मेकर्स ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस ऑफर के तहत टिकटों की बुकिंग कैसे होगी, किन सिनेमाघरों में यह सुविधा मिलेगी और उम्र का प्रमाण दिखाने के लिए कौन-सा दस्तावेज जरूरी होगा। इन जानकारियों का इंतजार करना होगा।
फिल्म के नाम से लेकर रिलीज तक बदली कहानी
सलमान खान की इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था, जिसे बाद में बदलकर ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ कर दिया गया।
फिल्म की कहानी जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प से प्रेरित है। इसमें सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं। कर्नल संतोष बाबू ने गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों का नेतृत्व किया था और उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
फिल्म में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है।
फिल्म को लेकर विवादों पर सलमान ने क्या कहा?
फिल्म की रिलीज में देरी और इसकी कहानी में बदलाव को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही थीं। ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान खान ने उन खबरों को खारिज किया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि सरकार की ओर से फिल्म की स्क्रिप्ट बदलने का दबाव बनाया गया था।
सलमान ने इन खबरों को बकवास बताते हुए कहा कि फिल्म सैनिकों और उनके परिवारों के संघर्ष पर आधारित है। उन्होंने कहा कि फिल्म में किसी नकारात्मक ताकत को दिखाने की कोशिश नहीं की गई है, बल्कि परिस्थितियां ही नकारात्मक हैं।
कब रिलीज होगी ‘मातृभूमि’?
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में अभिलाष चौधरी और अंकुर भाटिया सहित कई कलाकार भी नजर आएंगे।
फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कई बार बदलाव की खबरें सामने आईं। ट्रेलर लॉन्च के दौरान सामने आई जानकारी के मुताबिक, फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि सलमान खान की इस फिल्म को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है। फिलहाल 75 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए 11 रुपये की टिकट का ऐलान फिल्म की चर्चा का खास विषय बन गया है।













राज्य-शहर
बिजनेस
जीवंत



