मुंबई:विस्तारा की तिरुवनंतपुरम-मुंबई फ्लाइट में शुक्रवार को बम की धमकी मिली, जिसके बाद पूरी फ्लाइट की तलाशी ली गई। पुलिस ने यह जानकारी दी है। सहर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि चालक दल के एक सदस्य को विमान में बम होने की एक पर्ची मिली। उन्होंने बताया कि विमान के दोपहर करीब सवा तीन बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही एयरलाइन ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
अधिकारी ने बताया कि विमान उतरने के बाद यात्रियों को खतरे के बारे में सूचित कर दिया गया और यात्रियों एवं उनके सामान की तलाशी ली गई, हालांकि अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। एयरलाइन ने कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि 28 जून 2024 को तिरुवनंतपुरम से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली विस्तारा की यूके 552 फ्लाइट में हमारे कर्मचारियों ने सुरक्षा संबंधी चिंता देखी है।”
बयान में कहा गया है, “हम अनिवार्य सुरक्षा जांच पूरी करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। विस्तारा में, हमारे ग्राहकों, चालक दल और विमान की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” प्रोटोकॉल के अनुसार, विमान के बारे में तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और सुरक्षित रूप से छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे, मुंबई पर उतरने के बाद उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया, जहां सभी यात्रियों को उतार दिया गया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

