स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला हॉकी टीम चार मैचों की अर्जेंटीना श्रृंखला के लिए पूरी तरह तैयार है। यह श्रृंखला 13 से 17 अप्रैल के बीच अर्जेंटीना के क्लब सियुदाद दे ब्यूनस आयर्स में खेली जाएगी। यह दौरा आगामी महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों की तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है, जिनमें एफआईएच नेशंस कप, एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 (बेल्जियम एवं नीदरलैंड) और एशियन गेम्स शामिल हैं।
दौरे से पहले टीम ने बेंगलुरु में प्रशिक्षण शिविर लगाया और गुरुवार शाम अर्जेंटीना के लिए रवाना हो गई। हाल ही में हैदराबाद में आयोजित एफआईएच हॉकी विश्व कप क्वालिफायर 2026 में उपविजेता रहने के बाद भारतीय टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है और इसी लय को आगे बढ़ाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
इस दौरे में अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर टीम की कप्तानी संभालेंगी, क्योंकि नियमित कप्तान सलीमा टेटे उपलब्ध नहीं हैं। वहीं अनुभवी गोलकीपर सविता की वापसी टीम के लिए बड़ा संबल मानी जा रही है। उनके साथ बिचु देवी खरिबाम भी गोलकीपिंग की जिम्मेदारी निभाएंगी, जिन्होंने हालिया क्वालिफायर में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।
रक्षा पंक्ति में 200 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे कर चुकीं निक्की प्रधान के साथ अनुभवी सुशीला चानू पुक्रम्बम अहम भूमिका निभाएंगी। इनके अलावा इशिका चौधरी, मनीषा चौहान, ज्योति और उदिता भी डिफेंस को मजबूती देंगी। ललथांतलुआंगी को भी सीनियर टीम में खुद को साबित करने का अवसर मिलेगा।
मिडफील्ड में सलीमा टेटे की अनुपस्थिति में नेहा टीम की कमान संभालेंगी। उनके साथ वैष्णवी विट्ठल फाल्के और सुनेलिता टोप्पो जैसे युवा खिलाड़ी मौजूद रहेंगे। साक्षी राणा, ऋतुजा दादासो पिसल, इशिका और दीपिका सोरेन जैसे खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
आक्रमण पंक्ति में नवनीत कौर के साथ लालरेमसियामी मुख्य जिम्मेदारी निभाएंगी। इसके अलावा बलजीत कौर, दीपिका और ब्यूटी डुंगडुंग विकल्प के रूप में मौजूद रहेंगी। मुमताज खान की वापसी से टीम का आक्रमण और मजबूत होगा, जबकि अन्नु भी चयन के दायरे में रहेंगी।
मुख्य कोच स्योर्ड मारिने ने कहा कि यह दौरा खिलाड़ियों को खुद को साबित करने का सुनहरा अवसर देगा। उन्होंने कहा कि टीम अलग-अलग संयोजनों के साथ मैदान में उतरेगी ताकि जीत के नए तरीके खोजे जा सकें। उनका मुख्य उद्देश्य विश्व की नंबर दो टीम के खिलाफ व्यक्तिगत और टीम प्रदर्शन का आकलन करना है।
भारत और अर्जेंटीना के बीच यह चार मैच 13, 14, 16 और 17 अप्रैल को खेले जाएंगे। सभी मुकाबले स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होंगे।












मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

