अररिया/किशनगंज: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण के दौरान बुधवार को सीमांचल के अररिया और किशनगंज जिलों के दौरे पर रहे। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद जनता के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री एक अलग ही अंदाज में नजर आए। उन्होंने मंच से जनता के साथ सीधा संवाद करते हुए जनता को आगे के भविष्य की ओर भी इशारा कर दिया।
नीतीश कुमार के साथ मंच पर कौन-कौन था?
अररिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता से आत्मीय भाव से पूछा, ‘बताइए, सब अच्छा रहेगा न?’ जनता की ओर से आवाज आई ‘हां, अच्छा रहेगा।’ इसके बाद उन्होंने मंच पर मौजूद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी , मंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री लेसी सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि अब ये सभी लोग मिलकर काम करेंगे।
सीएम की अपील पर जनता का समर्थन, लगे नीतीश जिंदाबाद के नारे
नीतीश कुमार ने मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं को आगे बुलाया और जनता से मुखातिब होकर कहा, ‘जरा हथवा उठा के बताओ- सब ठीक है न?’ मुख्यमंत्री की इस अपील पर भीड़ ने हाथ उठाकर अपना समर्थन दिया। इस दौरान सभा में ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’ के नारे लगे और लोगों ने आवाज दी कि आप बस बिहार पर अपना ध्यान बनाए रखिएगा।
नीतीश कुमार के सम्राट चौधरी की ओर इशारा कर कही बात के क्या मायने?
नीतीश का यूं सम्राट चौधरी को आगे करना और फिर मंत्री लेसी सिंह और मंत्री विजय कुमार चौधरी की ओर इशारा करना खास माना जा रहा है। राज्य में अगला सीएम कौन होगा? इसका फैसला अभी तक नहीं हुआ है। लेकिन ये इशारा बिना कुछ कहे जनता से बहुत कुछ कह गया।
माना जा रहा है कि बीजेपी से अगर कोई सीएम बनेगा तो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को भी प्रमोट करके उन्हें मुख्यमंत्री बना दिया जाएगा। जबकि अभी दो डिप्टी सीएम पद बीजेपी के पास हैं, वो जेडीयू को मिलेंगे। ऐसे में एक महिला डिप्टी सीएम भी हो सकती है। लेसी सिंह को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। जबकि नीतीश कुमार के खास विजय कुमार चौधरी को दूसरा उप-मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कुछ तय नहीं है, लेकिन नीतीश कुमार के इशारों ने जनता के बीच भविष्य की सरकार की एक धुंधली तस्वीर जरूर साफ कर दी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

