फरीदाबाद। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी करने के बाद टिकट से वंचित उम्मीदवारों ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोलना शुरू कर दिया है। पृथला विधानसभा से भाजपा से टिकट न मिलने पर दीपक डागर गुरुवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के सामने फूट-फूट कर रोने लगे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि 7 सितंबर को गांव जाजरू में होने वाली महापंचायत जो फैसला लेगी, वह उन्हें मंजूर होगा।
उम्मीदवारों की लिस्ट में नाम न देखने पर दीपक डागर ने गुरुवार को कैली गांव स्थित अपने कार्यालय पर अपने समर्थकों की बैठक की। इस दौरान क्षेत्र के मौजिज लोगों ने एक बैठक करके भाजपा शीर्ष नेतृत्व के इस निर्णय पर गहरी नाराजगी जताते हुए टिकट बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि दीपक डागर टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन आखिरी समय में पार्टी ने किसी बाहरी उम्मीदवार को टिकट देकर क्षेत्र की जनता का मनोबल गिराने का काम किया है। बैठक में टिकट के दावेदार दीपक डागर भावुक हो गए और फूट-फूट कर रोने लगे।
उन्होंने कहा कि जिस प्रत्याशी को भाजपा का टिकट मिला है, वह बाहरी है। इसलिए वह उसका समर्थन नहीं करेंगे। हालांकि, अभी एनआईटी फरीदाबाद सीट पर पार्टी ने उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
पहले दिन एक भी पर्चा नहीं भरा
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के लिए नामांकन करने की प्रक्रिया भी गुरुवार से ही शुरू हो गई। जिला फरीदाबाद की छह विधानसभा सीटों पर आज पहले दिन किसी भी उम्मीदावर ने नामांकन नही भरा। उधर, सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सहायक निर्वाचन अधिकारियों के दफ्तरों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। भीड़ और वाहनों को रोकने के लिए बेरिकेडिंग जी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायत के अनुसार प्रदेश के जिला फरीदाबाद की छह विधानसभाओं के लिए गुरुवार दिनांक 05 सितंबर 2024 को अधिसूचना जारी कर दी गई है।
बल्लभगढ़ से मूलचंद शर्मा आज नामांकन भरेंगे
बल्लभगढ़ से भाजपा प्रत्याशी मूलचंद शर्मा शुक्रवार दोपहर लघु सचिवालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इससे पहले सेक्टर-2 कार्यालय में सुबह 9:00 बजे हवन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मुख्य बाजार से पैदल यात्रा के माध्यम से दोपहर साढ़े बारह बजे लघु सचिवालय पहुंचेंगे। गुरुवार को उन्होंने सिद्ध पीठ बाबा हृदय राम मंदिर में पूजा अर्चना की।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
