स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 विश्व कप के 36वें मुकाबले में भारत और नीदरलैंड बुधवार को आमने-सामने होंगे। इस मैच में भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर सबकी निगाहें रहेंगी। पिछले कुछ मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अब उनके फैंस और टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी की उम्मीद लगाए हैं।
अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में अभी तक अपनी क्षमता के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। अमेरिका के खिलाफ पहले मैच में वह शून्य पर आउट हुए, जबकि नामीबिया के खिलाफ पेट की समस्या के कारण खेल नहीं पाए थे। पाकिस्तान के खिलाफ उनकी वापसी हुई, लेकिन इस बार भी वह खाता नहीं खोल सके।
पिछले 18 महीनों में अभिषेक ने अपने आक्रामक खेल से खुद को T20 प्रारूप का खतरनाक बल्लेबाज साबित किया है। उनकी बेखौफ और जोखिम भरी बल्लेबाजी ने भारत को कई मौकों पर जीत दिलाई है। लेकिन हाल की छह पारियों में चार बार शून्य पर आउट होना यह संकेत देता है कि उन्हें पावरप्ले में अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने की जरूरत है।
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने कहा, “पिछले मैच में उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। पहले ओवर में आउट होना कोई बड़ी बात नहीं है। अब वह पूरी तरह फिट हैं। यह अभिषेक की मेहनत और टैलेंट की वजह से है कि विपक्षी टीम उनके खिलाफ परेशान रहती है। अगर उन्हें आउट करने का कोई प्लान बना भी लिया जाए, तो यह तय करना मुश्किल होता है कि वह कहां आउट होंगे।”
कोटक ने आगे कहा, “अभिषेक T20 में उस तरह का खिलाड़ी हैं जो चीजों की ज्यादा परवाह नहीं करता। वह ग्राउंड के चारों ओर खेल सकता है और उसे रोकना आसान नहीं।”
आईसीसी ने भी भारतीय टीम के पूर्व कोच अनिल शास्त्री के हवाले से कहा, “अभिषेक खेलने लायक हैं, लेकिन उन्हें खुद को थोड़ा समय देना होगा। कभी-कभी चीजें सही नहीं होतीं, और इससे निराशा होती है। लेकिन जैसे ही वह वापस पटरी पर आएंगे, वह डॉट बॉल को आसानी से बाउंड्री और छक्कों में बदल सकते हैं।”
अब देखना यह होगा कि बुधवार को होने वाले मुकाबले में अभिषेक शर्मा अपनी खोई हुई चमक वापस ला पाएंगे या नहीं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
