दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव हुआ। उपद्रवियों ने यहां आगजनी भी की। तलवार और गोलियां भी चलीं। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, इलाके में तनाव है, लेकिन हालात पर काबू पा लिया गया है। वहां RAF की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। दिल्ली के तमाम संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात है और यहां हाई अलर्ट है।
इलाके में नाइट विजन ड्रोन से निगरानी की गई। स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने शनिवार देर रात बताया कि FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पाठक ने कहा कि स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। माहौल अब शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी यहां मौजूद हैं।
पुलिस की टीम ने इलाके के कई वीडियो फुटेज हासिल कर लिए हैं। इनमें कुछ लोगों की पहचान भी हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि दोषियों से सख्ती से निपटा जाएगा। दिल्ली पुलिस ने उपद्रव की जांच के लिए 10 टीमें गठित की है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने ली जानकारी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना से स्थिति की जानकारी ली। उन्हें लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। घटना के बाद जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां रामनवमी के दिन पूजा को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई थी।
कैसे हुई घटना
जहांगीरपुरी के कुशल सिनेमा के पास शाम करीब 5:30 बजे शोभायात्रा पर अचानक पथराव हुआ। इसके बाद दो गुटों में झड़प हो गई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी इसकी चपेट में आ गई।
दिल्ली पुलिस के PRO अन्येश राय ने कहा- यह एक पारंपरिक शोभायात्रा थी जो हर साल निकलती है। यात्रा के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। घटना के बाद कई थानों से एडिशनल पुलिस फोर्स बुलाई गई है। रैपिड एक्शन फोर्स ने इलाके में मार्च किया है।
LG ने कहा- हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने जहांगीरपुरी में हुई घटना की निंदा की है। एलजी ने कहा है कि हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
मनोज तिवारी बोले- साजिश
भाजपा नेता मनोज तिवारी ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव पर आज जहांगीरपुरी दिल्ली में पथराव की घटना हुई। ये राजधानी दिल्ली में एक बड़ी साजिश के तहत हो रहा है इसकी तत्काल जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले। उन्होंने सबसे शांति बनाए रखने की अपील की।
भाजपा नेता कपिल बोले- सबूत की जरूरत नहीं
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा- जहांगीरपुरी में बड़ी तादाद में बांग्लादेशी घुसपैठिए रहते हैं। दिल्ली के दंगों के दौरान भी यही हुआ था। छतों पर पत्थर कैसे पहुुंचे हैं। अब किसी सबूत की जरूरत नहीं है। करौली के बाद खरगोन में भी यही हुआ था। रामनवमी और हनुमान जयंती पर क्या ये हमले संयोग हैं या प्रयोग। यह सीधेतौर पर आतंकी हमला है। अब किसी सबूत की जरूरत नहीं है।
अरविंद केजरीवाल बोले- दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। दिल्ली के जहांगीर पुरी में शोभायात्रा में पथराव की घटना बेहद निंदनीय है। जो भी दोषी हों उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सभी लोगों से अपील है कि एक दूसरे का हाथ पकड़कर शांति बनाए रखें।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
