डेस्क : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कथित गौ-रक्षक ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से चर्चित चंद्रशेखर की दर्दनाक मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे को जाम कर दिया, जिससे स्थिति तेजी से बिगड़ गई और पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए रबर की गोलियां चलानी पड़ीं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के नवीपुर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर को क्षेत्र में गौ-तस्करों की सक्रियता की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह अपनी टीम के साथ उनका पीछा कर रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के बीच पीछे से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर फैलते ही इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश भी भड़क उठा। बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और मुख्य मार्गों को जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए रबर बुलेट का सहारा लेना पड़ा। बताया जा रहा है कि डीआईजी स्तर के अधिकारी द्वारा समझाने के प्रयास भी विफल रहे।
हाईवे जाम होने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, जिसमें कई विदेशी नागरिक भी फंस गए। कुछ वाहन चालक गलत दिशा से निकलने की कोशिश करते नजर आए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान उग्र भीड़ ने एडीएम प्रशासन की गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया।
फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
