डेस्क: मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के मयन्संगट थांगस्को क्षेत्र में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में भीषण डायनामाइट विस्फोट हुआ, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मलबे में और भी मजदूर दबे हो सकते हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
विस्फोट की जानकारी मिलते ही बम निरोधक दस्ता, फोरेंसिक टीम, राज्य आपदा मोचन बल और अग्निशमन सेवा मौके पर पहुंच गई। ईस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अब तक चार शव बरामद किए गए हैं और झुलसे एक घायल को इलाज के लिए शिलांग रेफर किया गया है।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोट के समय एक पहाड़ी पर अवैध खनन जारी था, जो अचानक धंस गया और कई खनिक मलबे में दब गए। यह कोई पहला हादसा नहीं है; 23 दिसंबर 2025 को भी थांगस्को गांव में एक विस्फोट में दो खनिकों की मौत हो चुकी है।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने अप्रैल 2014 में मेघालय में ‘रैट-होल’ कोयला खनन को इसके अवैध और खतरनाक स्वरूप के कारण प्रतिबंधित किया था। न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ब्रोजेंद्र प्रसाद काटाके ने कहा था कि राज्य में अवैध खनन और ट्रांसपोर्टेशन अब भी जारी है। मुख्यमंत्री कोनराड संगमा का दावा है कि जिला प्रशासन सतर्क है और अब तक 1,000 से अधिक अवैध खनन मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

