नई दिल्ली। भारत ने शुक्रवार को पाकिस्तान के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें इस्लामाबाद की एक इमामबारगाह में हुए आत्मघाती बम धमाके के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया गया था। विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को बेबुनियाद, बेतुका और निराधार बताते हुए कहा कि पाकिस्तान अपनी आंतरिक समस्याओं के लिए दूसरों पर दोष मढ़कर खुद को गुमराह कर रहा है।
विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि इस्लामाबाद में हुई इस घटना की भारत कड़ी निंदा करता है और जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करता है। बयान में कहा गया, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपने सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करने वाली समस्याओं से निपटने के बजाय, अपनी घरेलू विफलताओं के लिए बाहरी ताकतों को दोष देने का रास्ता अपना रहा है। भारत ऐसे हर आरोप को पूरी तरह खारिज करता है, जो जितना बेबुनियाद है उतना ही निरर्थक भी है।”
भारत की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दावा किया था कि हमले में शामिल आतंकवादी अफगानिस्तान की आवाजाही करता था और भारत-अफगानिस्तान की कथित मिलीभगत के संकेत दिए थे। आसिफ ने यह भी आरोप लगाया कि “एक शर्मनाक हार के बाद भारत अब अपने प्रॉक्सी के जरिए युद्ध लड़ रहा है और सीधे टकराव की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा।”
गौरतलब है कि शुक्रवार को नमाज के दौरान पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के तरलाई इलाके में स्थित इमामबारगाह खदीजा-तुल-कुबरा में आत्मघाती बम धमाका हुआ। इस हमले में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 169 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
