स्पोर्ट्स डेस्क : टीम इंडिया के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल का जोरदार समर्थन करते हुए कहा है कि बढ़ती जिम्मेदारियां और चुनौतियां गिल को और बेहतर क्रिकेटर बनाएंगी। जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान पठान ने गिल की प्रतिभा की खुलकर सराहना की और अपने करियर से जुड़ा एक अहम अनुभव साझा किया, जिसे उन्होंने गिल के संदर्भ में पूरी तरह प्रासंगिक बताया।
इरफान पठान ने बताया कि जब वह महज 19 वर्ष की उम्र में भारतीय टीम में आए थे, तब महान बल्लेबाज़ राहुल द्रविड़ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वास्तविकताओं के लिए मानसिक रूप से तैयार किया था। पठान के अनुसार, द्रविड़ ने उनसे कहा था कि टीम में चयन होना अच्छी बात है, लेकिन इसके बाद चुनौतियां बढ़ेंगी। जब उन्होंने पूछा कि मुश्किल हालात में क्या करना चाहिए, तो द्रविड़ का जवाब था—“तुम इन हालातों के आदी हो जाओगे।”
पठान का मानना है कि यही समायोजन और विकास की प्रक्रिया शुभमन गिल पर भी लागू होती है। उन्होंने कहा कि गिल ने कप्तान बनने के बाद इंग्लैंड सीरीज में अपने प्रदर्शन में निरंतर सुधार किया, औसत बढ़ाया और टीम में अपना प्रभाव मजबूत किया। इसके बाद उन्हें वनडे टीम की कप्तानी भी सौंपी गई, जो उनके करियर में आगे बढ़ने का बड़ा अवसर है।
पूर्व ऑलराउंडर ने गिल की तुलना को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में तुलनाएं स्वाभाविक हैं—जैसे कभी विराट कोहली की तुलना सचिन तेंदुलकर से होती थी, वैसे ही अब शुभमन गिल की तुलना विराट से की जा रही है, जिन्होंने 25 से 30 हजार रन बनाए हैं। पठान के मुताबिक, गिल में वह क्षमता मौजूद है और उनके पास शॉट्स की शानदार रेंज है।
इरफान पठान ने यह भी कहा कि शुभमन गिल हमेशा सीखने के लिए उत्सुक रहते हैं। उनके अनुसार, जितनी अधिक जिम्मेदारी और चुनौती गिल को मिलेगी, वह उतने ही निखरकर सामने आएंगे। उन्होंने गिल के रवैये की तारीफ करते हुए कहा कि वह हमेशा क्रिकेट के लिए तैयार रहते हैं और लगातार सीखने की इच्छा उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी ताकत है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

