वेटिकन सिटी। युद्धग्रस्त गाजा में भोजन-पानी और राशन के लिए कतार में खड़े कम से कम 93 फिलिस्तीनियों को इजरायली सुरक्षा बलों ने हमले में मार गिराया है। इतना ही नहीं इजरायल ने विस्थापित लोगों से भरे इलाकों को खाली करने का भी फरमान जारी किया है। इजरायल रोज-रोज इस तरह की हरकत कर रहा है। इस पर पोप लियो XIV ने चिंता जताई है और गाजा में अंधाधुंध बल प्रयोग की निंदा की है। पोप लियो ने इजरायली बर्बरता पर अफसोस जताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
वेटिकन ने एक बयान में कहा कि पोप लियो ने सोमवार को फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ फोन पर बातचीत में गाजा पट्टी में इजरायली बलों द्वारा अंधाधुंध बल प्रयोग और फिलिस्तीनी लोगों के जबरन सामूहिक विस्थापन के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है। नवीनतम इजरायली गोलीबारी की खबरें सामने आने से पहले, पोप ने रोम के निकट अपने ग्रीष्मकालीन निवास, कास्टेल गंडोल्फो में एंजेलस प्रार्थना के अंत में “युद्ध की बर्बरता को तत्काल समाप्त करने और संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान” का आह्वान किया है।
चर्च पर हमले पर भी जताई पीड़ा
पोप ने पिछले सप्ताह गाजा के एकमात्र कैथोलिक चर्च पर हुए इजरायली हमले पर भी अपनी पीड़ा जाहिर की, जिसमें तीन लोग मारे गए और 10 घायल हुए। घायलों में एक पैरिश पादरी भी शामिल हैं, जिसे दिवंगत पोप फ्रांसिस के प्रतिदिन फोन आते थे। हालांकि, इजराइल ने चर्च पर हुए हमले पर गहरा दुख व्यक्त किया है और चर्च पर हमले की जाँच शुरू कर दी है। उस चर्च के पास लगभग 600 विस्थापित लोग रह रहे थे, जिनमें से अधिकांश बच्चे और कई विशेष रूप से जरूरतमंद लोग लोग थे।
पोप ने रविवार को कहा, “दुर्भाग्य से, यह कृत्य गाजा में नागरिक आबादी और पूजा स्थलों पर चल रहे सैन्य हमलों में इजाफा करता है।” उन्होंने कहा, “मैं अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से मानवीय कानूनों का पालन करने और नागरिकों की सुरक्षा के दायित्व का सम्मान करने, साथ ही सामूहिक दंड, अंधाधुंध बल प्रयोग और आबादी के जबरन विस्थापन पर रोक लगाने की अपील करता हूँ।”
अस्पतालों के अनुसार, 150 से ज़्यादा लोग घायल
रविवार को ही, इजरायल ने मानवीय मामलों के समन्वय के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय (ओसीएचए) के इजरायल स्थित कार्यालय प्रमुख जोनाथन व्हिटाल का निवास परमिट वापस ले लिया, जिन्होंने गाजा में मानवीय स्थितियों की बार-बार निंदा की है। इस बीच, गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि उत्तरी ज़िकिम क्रॉसिंग के जरिए प्रवेश कर रहे संयुक्त राष्ट्र के सहायता ट्रकों के इंतजार में खड़े फिलिस्तानियों पर इजरायली गोलीबारी में कई लोग मारे गए हैं। यह हाल ही में इजरायली गोलीबारी में राशन की आस में इंतजार कर रहे लोगों की मौत के मामलों में सबसे बड़ा आंकड़ा है। अस्पतालों के अनुसार, 150 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
इजरायल बता रहा वे खतरा थे
नागरिक सुरक्षा एजेंसी के प्रवक्ता महमूद बसल ने बताया कि दक्षिण में राफ़ा के पास एक सहायता केंद्र के पास नौ अन्य लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जहाँ 24 घंटे पहले ही दर्जनों लोगों की जान चली गई थी, जबकि खान यूनिस में एक अन्य सहायता केंद्र के पास चार लोग मारे गए। दूसरी तरफ इजरायली सेना ने कहा कि सैनिकों ने उत्तरी गाजा में हज़ारों फ़िलिस्तीनियों की एक सभा पर गोली चलाई थी, जिनके बारे में इजरायल का दावा है कि वे ख़तरा थे, और उन्हें कुछ हताहतों की जानकारी है।
संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने कहा कि खाद्य सहायता ले जा रहे डब्ल्यूएफपी के 25 ट्रकों के काफिले का गाजा शहर के पास “भूखे नागरिकों की भारी भीड़” से सामना हुआ, जिन पर गोलीबारी की गई। डब्ल्यूएफपी ने एक बयान में कहा, “डब्ल्यूएफपी दोहराता है कि मानवीय सहायता मांगने वाले नागरिकों से जुड़ी कोई भी हिंसा पूरी तरह से अस्वीकार्य है।”













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
