डेस्क : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक की हत्या की साजिश उसके ही परिवार ने रची। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि मां ने अपने जेवर बेचकर हत्या के लिए रुपये जुटाए, जबकि छोटे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार हिडौली कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी दुष्यंत का शव शनिवार सुबह शहबाजपुर और श्यामपुर गांव के बीच मध्य गंगा नहर में मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने मृतक के पिता पीतम सिंह और छोटे भाई संकित से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों के बयान उलझने लगे, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
पुलिस के मुताबिक दुष्यंत नशे का आदी था और आए दिन घर में विवाद करता था। परिवार के लोग उसके व्यवहार से लंबे समय से परेशान थे। इसी कारण परिवार ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
जांच में सामने आया कि छोटे भाई संकित ने अपने दोस्त जोली के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए पांच लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। हत्या के लिए एडवांस रकम जुटाने हेतु मृतक की मां माया देवी ने अपने जेवर बेच दिए और 55 हजार रुपये दिए गए।
आरोप है कि शुक्रवार रात दुष्यंत को रास्ते में रोककर उस पर पेचकस और ईंट से हमला किया गया। हत्या के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया, ताकि मामला हादसा प्रतीत हो।
पुलिस ने मामले में परिवार के सदस्यों समेत अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
