डेस्क : नेपाल प्रशासन ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए भारतीय नागरिकों के प्रवेश के लिए पहचान पत्र अनिवार्य कर दिया है। अब बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी भारतीय नागरिक को नेपाल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच तेज कर दी गई है, जिससे कई जगह लंबी कतारें और जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, नेपाल पुलिस और प्रशासन ने शनिवार से जोगबनी समेत कई सीमा चौकियों पर सघन जांच अभियान शुरू किया। सीमा पार करने वाले प्रत्येक व्यक्ति से आधार कार्ड अथवा अन्य सरकारी पहचान पत्र मांगा जा रहा है। जिन लोगों के पास वैध दस्तावेज नहीं मिले, उन्हें सीमा से वापस लौटा दिया गया।
नेपाल के मोरंग जिले के प्रमुख जिलाधिकारी युवराज कटेल ने कहा कि सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सीमा पार करने वाले हर व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जाएगी।
नई व्यवस्था के चलते रोजाना व्यापार, नौकरी और अन्य कार्यों के लिए सीमा पार करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने अचानक लागू हुए नियमों पर नाराजगी भी जताई।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में सीमा के रास्ते संदिग्ध गतिविधियों और विदेशी नागरिकों की आवाजाही की सूचनाओं के बाद नेपाल प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है। इसके मद्देनजर भारतीय सीमा क्षेत्रों में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
भारत और नेपाल के बीच 1950 की मैत्री संधि के तहत दोनों देशों के नागरिकों को बिना वीजा यात्रा की सुविधा प्राप्त है, लेकिन अब पहचान सत्यापन को अनिवार्य बनाकर सीमा सुरक्षा को और सख्त किया जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
