नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत और डेनमार्क के बीच मजबूत एवं भरोसेमंद संबंध हैं और दोनों देश हरित एवं सतत विकास के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि मेटे फ्रेडरिक्सन का लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनना एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत-डेनमार्क हरित रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सशक्त बनाने के लिए दोनों देश मिलकर कार्य करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और डेनमार्क के संबंध पारस्परिक विश्वास, साझा मूल्यों और सतत भविष्य के प्रति समान प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की इच्छा भी व्यक्त की।
गौरतलब है कि सितंबर 2020 में भारत और डेनमार्क ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को ‘ग्रीन स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप’ का दर्जा दिया था। यह साझेदारी ऊर्जा, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, शहरी विकास, डिजिटलीकरण और श्रम गतिशीलता जैसे अनेक क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देती है।
पिछले महीने प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पांच देशों के दौरे के दौरान डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन से मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय वार्ता के साथ-साथ नॉर्वे में आयोजित तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भी भाग लिया था।
मेटे फ्रेडरिक्सन ने हाल ही में आम चुनावों के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ लंबे दौर की बातचीत के पश्चात नई केंद्र-वामपंथी सरकार का गठन किया है। संसद में बहुमत समर्थन मिलने के बाद उन्होंने तीसरे कार्यकाल की शुरुआत की है।
48 वर्षीय फ्रेडरिक्सन पहली बार वर्ष 2019 में डेनमार्क की प्रधानमंत्री बनी थीं और उस समय वह देश की सबसे युवा प्रधानमंत्री थीं। तीसरे कार्यकाल के साथ वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद डेनमार्क की सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली प्रधानमंत्री बनने की दिशा में अग्रसर हैं।
हाल के वर्षों में फ्रेडरिक्सन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। विशेष रूप से ग्रीनलैंड से जुड़े मुद्दों पर उनके स्पष्ट रुख ने उन्हें वैश्विक राजनीति में प्रमुख नेताओं की श्रेणी में स्थापित किया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत