नई दिल्ली : वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज बुधवार को पांच दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचीं। 3 से 7 जून तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य भारत और वेनेजुएला के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाना तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करना है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, डेल्सी रोड्रिगेज अपने प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। इसके अलावा उनकी मुलाकात विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अन्य वरिष्ठ भारतीय नेताओं से भी होगी। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, निवेश, दवा उद्योग, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन तथा नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होने की संभावना है।
रोड्रिगेज एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत आई हैं, जिसमें वेनेजुएला के विदेश, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्री शामिल हैं। 4 जून को उनकी विदेश मंत्री जयशंकर के साथ बैठक होगी, जिसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी के साथ आधिकारिक वार्ता आयोजित की जाएगी। वह राजघाट जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगी।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी तथा ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, स्वास्थ्य सेवाओं और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग के नए अवसरों की तलाश की जाएगी। वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल भारत के ऊर्जा, औषधि और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेगा।
भारत और वेनेजुएला के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 67.89 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा। हाल के वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ा है और मई 2026 में वेनेजुएला भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश रहा।
डेल्सी रोड्रिगेज इससे पहले 2015 में विदेश मंत्री तथा 2019, 2023, 2024 और 2025 में उपराष्ट्रपति के रूप में भारत का दौरा कर चुकी हैं। वर्तमान पद पर यह उनकी भारत की छठी यात्रा है। दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार, स्वास्थ्य और विकास साझेदारी के क्षेत्र में सहयोग लगातार बढ़ रहा है और इस यात्रा को द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत