डेस्क: महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना राजनीतिक दबदबा साबित किया है। शुरुआती रुझानों के मुताबिक जिला परिषद की 731 सीटों में से भाजपा 145 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। उसके सहयोगी दलों में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 85 सीटों पर और अजित पवार गुट की एनसीपी 80 सीटों पर आगे चल रही है।
राज्य में जिला परिषद की 731 और पंचायत समिति की 1462 सीटों के लिए रविवार को मतदान हुआ था, जिसमें करीब दो करोड़ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ये चुनाव पहले 5 फरवरी को प्रस्तावित थे, लेकिन डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के कारण इन्हें स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद 8 फरवरी को मतदान कराया गया और आज मतगणना के नतीजे सामने आ रहे हैं।
अब तक आए रुझानों के अनुसार सांगली, सतारा और पनवेल जैसे इलाकों में भाजपा को स्पष्ट बढ़त मिली है। वहीं एनसीपी अपने गढ़ बारामती में मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अजित पवार के निधन के बाद एनसीपी को सहानुभूति लहर का लाभ मिला हो सकता है। अजित पवार को पुणे और मराठवाड़ा क्षेत्र का प्रभावशाली नेता माना जाता था और इन इलाकों में उनकी मजबूत पकड़ रही है।
कुल मिलाकर जिला परिषद चुनावों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरती दिख रही है, जबकि उसके सहयोगी दल शिवसेना और एनसीपी क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। दूसरी ओर, विधानसभा चुनावों के बाद से लगातार संघर्ष कर रहे विपक्ष को एक बार फिर झटका लगा है। कांग्रेस को अब तक केवल 30 सीटों पर बढ़त मिली है, जबकि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना 21 सीटों तक ही सीमित नजर आ रही है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

