डेस्क: मोहाली के गांव सोहाना में सोमवार शाम कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान प्रमोटर और खिलाड़ी दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पंजाब के कुख्यात बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर हत्या की जिम्मेदारी ली है और दावा किया है कि यह कार्रवाई सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लेने के लिए की गई। राणा बलाचौरिया मूलतः पंजाब के बलाचौर के रहने वाले थे, लेकिन कुछ समय से मोहाली में रह रहे थे। केवल दस दिन पहले ही उनकी शादी हुई थी। आज उनके शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
हमलावरों ने ली सेल्फी का बहाना
सोहाना के सेक्टर-82 में जारी कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया जालंधर के शकरपुर की टीम के मैनेजर के रूप में मौजूद थे। वे टूर्नामेंट में दो टीमें लेकर आए थे और सेमीफाइनल मैच की टाई कराने के बाद बाहर आ रहे थे। इसी दौरान 3-4 हमलावर उनके पास आए और सेल्फी लेने का बहाना बनाकर सिर में गोलियां मार दीं। कुछ हमलावर बोलेरो गाड़ी से आए थे और हमला करने के बाद बाइक से फरार हो गए।
मोहाली के एसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि राणा की बंबीहा गैंग के साथ रंजिश थी, खासकर लक्की पटियाल से। मामले की जांच एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, सीआईए और मोहाली पुलिस की संयुक्त टीमें कर रही हैं। पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा कर रही है और साइबर सेल इंटरनेट पर पोस्ट के आईपी एड्रेस ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
बंबीहा गैंग का दावा
सोशल मीडिया पर पोस्ट में बंबीहा गैंग ने कहा कि राणा बलाचौरिया उनके एंटी जग्गू और लॉरेंस के साथ दोस्ती रखता था और सिद्धू मूसेवाला के कातिलों को संरक्षण दे रहा था। पोस्ट में लिखा गया, “आज राणा को मारकर हमने अपने भाई सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला लिया।” पोस्ट में हमलावरों के नाम और जुड़े समूहों का भी उल्लेख किया गया है।
गैंग ने खिलाड़ियों और उनके माता-पिता से अपील की है कि कोई भी जग्गू और हैरी की टीम में न खेले, अन्यथा परिणाम वही होगा। उन्होंने कहा कि उन्हें कबड्डी से कोई एलर्जी नहीं है, बस जग्गू और हैरी की कबड्डी में कोई दखल नहीं चाहिए।
मोहाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी एंगल से जांच तेज कर दी है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
