डेस्क : शनिवार तड़के मथुरा के कोसी कलां में गौ रक्षक संत चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले और रबर बुलेट का इस्तेमाल करना पड़ा। इस दौरान कई लोग और पुलिसकर्मी घायल हुए, साथ ही प्रशासनिक वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
घटना का विवरण
अपर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के अनुसार, यह हादसा थाना कोसी क्षेत्र में सुबह 3 से 4 बजे के बीच हुआ। चंद्रशेखर ने एक वाहन को संदिग्ध मानकर रोकने की कोशिश की, तभी घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे राजस्थान नंबर के ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। पुलिस जांच में पता चला कि जिसे रोकने का प्रयास किया गया, उसमें केवल किराने का सामान था, जबकि पीछे वाले ट्रक में तार (वायर) लदा था। ट्रक चालक और परिचालक अलवर, राजस्थान के निवासी बताए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रशासन को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लेने और अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
पुलिस की जांच
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह हादसा गौ तस्करी से संबंधित नहीं है और इसे सड़क हादसा माना जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि बाबा क्षेत्र में गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हाईवे पर लगाई गई जाम को भी हटा दिया गया है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
