डेस्क:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार रात को गोरखपुर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान अयोध्या में हुए विस्फोट को लेकर भी अफसरों से प्रगति जानी। कहा कि घटना की सही से जांच हो। उन्होंने कहा कि त्योहरों में माहौल खराब करने वालों को बख्शा न जाए। उपद्रव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अफसरों को कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुई घटनाओं में त्वरित कार्रवाई को लेकर बरेली और कानपुर पुलिस की तारीफ की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, दुर्गापूजा, दशहरा, छठ समेत हर पर्व और त्योहार पर शांति बनी रही। ऐसा ही आने वाले त्योहारों में भी हो। उन्होंने दीपावली व अन्य त्योहार पर सतर्कता बढ़ाने को कहा। वाराणसी में देव दीपावली और अयोध्या में दीपोत्सव पर सुरक्षा के सारे इंतजाम करने को कहा। पहले से ही इन इलाकों में गश्त बढ़ाने के अलावा शांति कमेटियों के साथ बैठक करने के भी निर्देश दिए।
फर्जी खबरें प्रसारित करने पर सख्ती होगी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर चौकसी बढ़ाई जाए। फर्जी अकाउंट बनाकर झूठी खबरें प्रसारित करने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कानपुर में अफवाहों पर मीडियो में तुरन्त ही सही बातें पहुंचाई। इसका असर भी दिखा। ऐसे प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई करने पर बड़ी घटना रोकी जा सकती है।
प्रतिमाएं स्थापित होने वाले स्थान पर सुरक्षा रहे
मुख्यमंत्री ने समीक्षा में इस बात पर जोर दिया कि दीपावली पर लक्ष्मी माता और मां काली की प्रतिमा स्थापित करने की कई जगह परम्परा है। ऐसे में प्रतिमा स्थापित होने वाले स्थान पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए जाए। साथ ही वहां के लोगों से पुलिस संवाद भी कर ले। दीपावली से पहले अलग-अलग समुदाय के धर्माचार्यों और शांति कमेटी के साथ भी संवाद किया जाए।
पटाखा दुकान व गोदाम आबादी से दूर ही हो
मुख्यमंत्री ने इसे सख्ती से देखने को कहा कि पटाखा दुकानें व गोदाम आबादी से दूर ही रखे जाए। जहां पटाखों की दुकानें लगाई जाती है,वहां फायर टेंडर के साथ आग बुझाने के अन्य जरूरी इंतजाम रखे जाए। पटाखों के अवैध भंडारण पर कठोर कार्रवाई की जाए। हर शहर की जरूरत के अनुसार ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए।
बड़ी घटना पर डीएम-एसपी जरूर पहुंचे
मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी घटना होने पर डीएम व एसपी मौके पर जरूर पहुंचे। संवेदनशील मामलों की मानीटरिंग वरिष्ठ अफसर ही करे। त्वरित कार्रवाई ऐसे मामलों में बहुत जरूरी होती है। उन्होंने प्रयागराज और वाराणसी पुलिस को अपने यहां के मामलों में विलम्ब से कार्रवाई करने पर नाराजगी भी जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य एवं ट्रॉमा सेवाएं लगातार चलती रहनी चाहिए। मिलावटखोरी पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने हर जिले में होने वाले स्वदेशी मेले पर भी चर्चा की।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
