मुंबई:माया नगरी मुंबई इन दिनों बारिश से तर-बतर है। वहीं मुंबई में जलभराव की वजह से लोगों की खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं मुंबई पुलिस ने लोगों को घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी है। भारी बारिश और जलभराव की वजह से कम से कम 10 फ्लाइट डाइवर्ट की गई हैं। इसके अलावा रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित है। कई जगहों पर जलजमाव की वजह से बसों के रूट में भी परिवर्तन किया गया है।
जानकारी के मुताबिक बारिश की वजह से कम दृश्यता को देखते हुए कई फ्लाइट कैंसल कर दी गई हैं। गुरुवार को मुंबई में 44 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति की जानकारी ली। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश की वजह से बाढ़ आ गई है। वहीं भूस्खलन की वजह से रायगढ़-पुणे रूट बाधित है। पुणे में लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया। खडगवासला डैम के इलाके में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। यहां एनडीआरएफ की टीमों को तैनाय किया गया है और एयर लिफ्टिंग टीम को भी स्टैंडबाइ में रखा गया है।
बड़ी संख्या में ट्रेनें कैंसल
वेस्टर्न रेलवे ने कम से कम 22 ट्रेनें कैंसल कर दीं। वहीं मध्य रेलवे ने 60 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया है। ऐसे में गुरुवार को करीब 100 ट्रेनें कैंसल रहीं। पिछळी बार की तरह कुरला, चूनाभट्टी और भांडुप में इस बार ट्रेंनों का संचालन बंद तो नहीं किया गया लेकिन सभी ट्रेनें आधे घंटे के करीब लेट थीं। गुरुवार को सुबह 10 बजे के करीब कुरला और घाटकोपर पर सभी रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया था। ऐसे में ट्रेनों की स्पीड कम कर दी गई थी।
महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से सात की मौत
महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से सात लोगों के जान जाने की खबर है। पश्चिमी महाराष्ट्र, कोंकण, मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश की वजह जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया। वहीं ठाणे, पालघर, कल्याण, कोल्हापुर, पुणे, वर्धा और रायगढ़ में बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं और रिहाइशी इलाकों में भी पानी भर गया है।
इन जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सतारा, रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा कोल्हापुर, पुणे, सिंधुदुर्ग, मुंबई, ठाणे और पालघर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुणे, मुंबई और राज्य के कई अन्य भागों के लोगों को घर के अंदर ही रहने की सलाह दी है।












देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
