डेस्क : उत्तर प्रदेश के लोनी निवासी यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए हमले की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, उनकी हत्या की साजिश पाकिस्तान में बैठकर रची गई थी और इसके लिए ढाई लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सलीम की हत्या की जिम्मेदारी सबसे पहले सुहेल गैंग को सौंपी गई थी। हालांकि, यह गैंग अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सका। इसके बाद यह काम जीशान और उसके भाई गुलफाम को सौंपा गया।
जांच में सामने आया है कि बिजनौर के नरगढ़ी नवादा निवासी सुहेल मलिक उर्फ रोमियो, जो वर्तमान में मेरठ में सुभारती यूनिवर्सिटी के पीछे रह रहा था, पाकिस्तान के लिए जासूसी गतिविधियों में शामिल था। कौशांबी पुलिस ने उसे और उसके पांच साथियों को 14 मार्च को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि पाकिस्तान में बैठे सरफराज उर्फ सरदार ने सलीम की हत्या के लिए सुपारी दी थी। सुहेल और इरम नाम की महिला पिछले तीन वर्षों से पाकिस्तानी एजेंट के रूप में सक्रिय थे और युवाओं को पैसों का लालच देकर जासूसी नेटवर्क में शामिल कर रहे थे।
सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि कौशांबी के भोवापुर गांव में सुहेल एक ट्रेनिंग सेंटर चला रहा था, जहां ऑनलाइन माध्यम से युवाओं को जासूसी और आतंकी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाता था। यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान से संचालित हो रहा था।
सूत्रों के अनुसार, हमले से पहले सुहेल गैंग के सदस्यों ने सलीम की रेकी भी की थी, लेकिन उस समय वह अपने कार्यालय में मौजूद नहीं थे। बाद में पाकिस्तानी हैंडलर ने यह जिम्मा जीशान और गुलफाम को सौंपा। दोनों ने हमला तो किया, लेकिन सलीम की जान नहीं जा सकी। वह फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं और उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
क्राइम ब्रांच की समय पर कार्रवाई में जीशान और गुलफाम मुठभेड़ में मारे गए, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई। जांच एजेंसियों का मानना है कि यदि यह कार्रवाई न होती, तो आने वाले दिनों में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती थीं।
इसके अलावा, मसूरी के नाहल गांव से पकड़े गए संदिग्धों ने भी पूछताछ में खुलासा किया है कि वे ईद के बाद कुछ लोगों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे।
फिलहाल, इस पूरे मामले में कई केंद्रीय एजेंसियां जांच में जुटी हैं और करीब एक दर्जन संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जांच में एक बड़े आतंकी और जासूसी मॉड्यूल के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
