डेस्क :इंदौर शहर में एक दर्दनाक हादसे ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ईवी कार की चार्जिंग के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से लगी आग में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
जानकारी के अनुसार, पुगलिया परिवार रात में अपनी इलेक्ट्रिक कार को घर के बाहर चार्जिंग पर लगाकर सो गया था। तड़के करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटों ने घर में रखे गैस सिलेंडरों को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। इसके बाद एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान का एक हिस्सा भी ढह गया। अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद गंभीर है और ऐसे समय में हुई है जब पूरी दुनिया इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर तेजी से बढ़ रही है।
मंत्री ने कहा कि इस हादसे की गहन जांच आवश्यक है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि विशेषज्ञों की एक समिति गठित की जाए, जो आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर एक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में तेल की कीमतों की अनिश्चितता के कारण लोग तेजी से ईवी की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन यदि चार्जिंग के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं, तो यह अत्यंत चिंताजनक है।
फिलहाल, पुलिस और प्रशासन घटना की जांच में जुटे हैं और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
