डेस्क : पंजाब के मोगा जिले में यूपी और बिहार के प्रवासी मजदूरों पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे राइस मिल से काम खत्म कर लौट रहे मजदूरों पर दो से तीन नकाबपोश हमलावरों ने गोलियां चला दीं। इस हमले में दो मजदूर घायल हो गए, जिनका इलाज मोगा के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर पहले भी इलाके में कई बार देखे गए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात से पहले रेकी की गई थी। बदमाशों ने मजदूरों को निशाना बनाते हुए तीन से चार राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घायल मजदूरों की पहचान अशोक कुमार और सुबोध के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों के पैरों में गोली लगी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पिछले कुछ महीनों में बाहरी राज्यों से आए लोगों को लेकर छिटपुट विवाद और धमकियों की घटनाएं सामने आती रही हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कथित तौर पर हमले को सही ठहराने की कोशिश की गई है। कुछ रिपोर्ट्स में बंबीहा गैंग की ओर से प्रवासी मजदूरों को धमकी दिए जाने की भी बात कही जा रही है।
वीडियो में होशियारपुर में एक बच्ची से दुष्कर्म की घटना का हवाला देते हुए प्रवासियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। साथ ही यह दावा किया गया कि यूपी और बिहार के लोगों ने पंजाब में बड़ी संख्या में बसावट कर ली है और उन्हें राज्य छोड़ने की चेतावनी दी गई है। गांवों के सरपंचों को भी कथित तौर पर निर्देश देने की बात कही गई है कि वे प्रवासी मजदूरों को रहने की अनुमति न दें।
हालांकि, पंजाब पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद स्पष्ट किया है कि इस घटना को फिलहाल ‘हेट क्राइम’ के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

