डेस्क:रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर पाकिस्तान अपनी धरती पर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने में सक्षम नहीं है तो हम उसकी मदद को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना सीमा पार भी आतंक के खिलाफ युद्ध करने को तैयार है। राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कि पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को भारती सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन सिंदूर का केवल कॉमा है, अभी इसपर पूर्णविराम नहीं लगा है।
रक्षा मंत्री ने राज्यसभा में कहा, ‘पहलगाम में आतंकवादी हमले के जवाब में भारत के मजबूत, सफल एवं निर्णायक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा’’ की शुरुआत करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
उन्होंने कहा ‘ऑपरेशन सिंदूर भारत की यह नीति स्पष्ट करता है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगा और किसी भी हद तक जाने से नहीं हिचकिचाएगा।’
पीओके के लोगों की होगी घर वापसीः रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर को तीनों सेनाओं के समन्वय का बेमिसाल उदाहरण बताते हुए कहा कि आज का भारत सहन करने में नहीं, बल्कि माकूल जवाब देने में विश्वास करता है। साथ ही उन्होंने यह उम्मीद भी जतायी कि पीओके के लोगों की एक दिन ‘घर वापसी’’ जरूर होगी। साथ ही रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि उसकी ओर से कुछ आतंकवादी करतूत की गई तो ऑपरेशन सिंदूर को फिर शुरू करने में रंचमात्र भी देर नहीं की जाएगी।
जम्मू कश्मीर के पहलगाम इलाके में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 26 निर्दोष नागरिकों की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी थी। जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर के बाहरी इलाके के जंगलों में सेना के शीर्ष पैरा कमांडो ने सोमवार को पहलगाम आतंकवादी हमले के मुख्य षड्यंत्रकर्ता और उसके दो साथियों को मार गिराया था। सिंह ने आतंकवादियों को परोक्ष समर्थन देने वालों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि आज नाग पंचमी है और इस दिन सांपों को दूध पिलाना ठीक है, किंतु हर दिन सांप को दूध नहीं पिलाया जाता।
उन्होंने कहा कि सवाल पूछा जाता है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाक अधिकृत कश्मीर को कब्जे में क्यों नहीं लिया गया। रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात का पूरा विश्वास है कि पाक अधिकृत कश्मीर एक दिन भारत का अंग जरूर बनेगा।
उन्होंने कहा, “एक दिन ऐसा अवश्य आएगा जब पीओके के लोग भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली और शासन व्यवस्था में शामिल होंगे।” रक्षा मंत्री ने कहा, ‘देश की जनता का आशीर्वाद और ईश्वर की इच्छा रही तो पाक अधिकृत कश्मीर के लोगों की घर वापसी होगी।..वह दिन आएगा, निश्चित समय नहीं बता सकता। …जब पाक अधिकृत कश्मीर के लोग बोलेंगे कि मैं भी भारत हूं।’













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

