नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम का वक्त बच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुआई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की कोशिश में जुटी है तो 26 दलों के विपक्षी गठबंधन ने भी मजबूत मोर्चेबंदी की तैयारी की है। जीत किसकी होगी यह तो मतगणना के बाद ही पता चलेगा। फिलहाल एक ताजा सर्वे में लोगों का मूड भांपने की कोशिश की गई है। एबीपी न्यूज और सी वोटर की ओर से किए गए सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर सबसे आगे बताया गया है।
यूं तो यह सर्वे राजस्थान विधानसभा चुनाव पर केंद्रित था। राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोगों से उनकी राय ली गई। लगे हाथ उनसे पीएम मोदी के कामकाज और अगले लोकसभा चुनाव के लिए पसंदीदा पीएम दावेदार को लेकर भी सवाल किया गया। सबसे अधिक 63 फीसदी लोगों ने कहा कि वह एक बार फिर नरेंद्रे मोदी को प्रधानमंत्री पद पर देखना चाहते हैं। वहीं, दूसरे नंबर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रहे, जिन्हें 20 फीसदी लोगों ने अपनी पसंद बताया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें 6 फीसदी लोगों ने वोट दिया। ‘इंडिया’ नाम से बने 26 दलों के विपक्षी गठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 2 फीसदी लोगों ने पीएम पद का सबसे अच्छा दावेदार बताया। वहीं, 9 फीसदी ने अन्य को पसंद बताया। सर्वे में शामिल लोगों से जब यह पूछा गया कि मोदी-राहुल में डायरेक्ट पीएम चुनना हो तो किसे चुनेंगे, तो 70 फीसदी लोगों ने पीएम मोदी का नाम लिया। 25 फीसदी लोगों ने राहुल गांधी को पसंद किया। 3 फीसदी ने ‘दोनों नहीं’ और 2 फीसदी ने ‘पता नहीं’ का विकल्प चुना।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

