डेस्क: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12 किलो हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 60 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह हेरोइन पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराई गई थी। विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद सीआईडी, स्थानीय पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने संयुक्त अभियान चलाया और सीमावर्ती इलाके में नाकेबंदी कर दी।
ऑपरेशन के दौरान रात में ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। सुरक्षा बलों ने पाया कि ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा के भीतर पैकेट गिराए जा रहे हैं। तलाशी अभियान में जवानों को छोटे-छोटे पैकेटों में पैक की गई करीब 12 किलो हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, जब दो तस्कर इस खेप को उठाने के लिए मौके पर पहुंचे, तो उन्हें वहीं दबोच लिया गया। बाद में इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह खेप पाकिस्तानी तस्करों द्वारा भेजी गई थी, जिसे आगे पंजाब में सप्लाई किया जाना था।
अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए एंटी-ड्रोन सिस्टम को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि ऐसी तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

