स्पोर्ट्स डेस्क:महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने अपने बल्ले से ऐसा शोर मचाया है, जो अब दुनिया भर के क्रिकेट गलियारों में गूंज रहा है। आईपीएल 2025 में दमदार मौजूदगी दर्ज कराने के बाद वैभव ने अब अंडर-19 क्रिकेट में भी अपना दबदबा साबित कर दिया है।
दुबई में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप में भारतीय U19 टीम ने अपने पहले मुकाबले में यूएई को 234 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। इस एकतरफा जीत के नायक वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने 95 गेंदों पर 171 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 9 चौके और 14 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे।
इन 14 छक्कों के साथ वैभव ने अंडर-19 वनडे क्रिकेट का एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह यूथ वनडे में 50 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अब तक सिर्फ 12 मुकाबलों में ही 57 छक्के जड़ दिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के ही उनमुक्त चंद के नाम था, जिन्होंने अपने करियर में 38 छक्के लगाए थे।
रनों के लिहाज से भी वैभव सूर्यवंशी तेजी से नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। उनके नाम अब U19 वनडे में कुल 727 रन दर्ज हो चुके हैं और उनकी नजरें अब विराट कोहली के रिकॉर्ड पर टिकी हैं। विराट ने अपने अंडर-19 करियर में 28 मैचों में 978 रन बनाए थे। यानी वैभव इस रिकॉर्ड से महज 251 रन दूर हैं।
भारतीय U19 वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विजय जोल (1404 रन) के नाम है, जबकि यशस्वी जायसवाल 1386 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि विजय जोल सीनियर टीम में जगह नहीं बना सके, लेकिन वैभव सूर्यवंशी की मौजूदा फॉर्म यह संकेत दे रही है कि भारतीय क्रिकेट को एक नया सितारा मिल चुका है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
