डेस्क: “रहमान डकैत की दी हुई मौत बड़ी कसाईनुमा होती है…”
फिल्म धुरंधर का यह संवाद और उसमें अक्षय खन्ना का किरदार लोगों के ज़ेहन में आज भी ताज़ा है। इसी फिल्म के ज़रिये दर्शकों को पाकिस्तान के लियारी में खौफ का पर्याय रहे रहमान डकैत के बारे में पता चला था। लेकिन अगर हम कहें कि भारत में भी एक ‘रहमान डकैत’ मौजूद था, तो यक़ीनन आप चौंकेंगे।
गुजरात के सूरत में पुलिस ने ऐसे ही एक कुख्यात अपराधी को धर दबोचा है, जो कई राज्यों में फैले नेटवर्क के ज़रिये संगठित अपराध को अंजाम दे रहा था। इस अपराधी का असली नाम राजू ईरानी उर्फ आबिद अली है, जिसे अपराध जगत में ‘रहमान डकैत’ के नाम से जाना जाता है।
अंतरराज्यीय गैंग का सरगना गिरफ्तार
सूरत सिटी क्राइम ब्रांच ने आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए बताया कि अंतरराज्यीय ‘इरानी गैंग’ के सरदार आबिद अली उर्फ राजू उर्फ रहमान डकैत को किसी बड़ी वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय है और संगठित तरीके से अपराध करता रहा है।
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, रहमान डकैत मूल रूप से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का निवासी है। सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि आरोपी सूरत में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में आया था, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे दबोच लिया।
14 राज्यों में फैला नेटवर्क
पूछताछ में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोपी भोपाल के ‘ईरानी डेरा’ इलाके से पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और अपने भाई जाकिर अली के साथ मिलकर गिरोह संभालता था। इस गैंग के तहत 6 से अधिक उप-गिरोह काम कर रहे थे, जो देश के करीब 14 राज्यों में सक्रिय थे।
पुलिस के अनुसार, राजू ईरानी खुद कम ही वारदातों में शामिल होता था। वह एक मैनेजर की तरह काम करता था—कौन-सी गैंग किस राज्य में जाएगी और किस तरह की वारदात करेगी, यह वही तय करता था। फिलहाल वह 6 से अधिक राज्यों की पुलिस को वांछित है और उसके खिलाफ 10 से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बुजुर्गों को बनाते थे निशाना
यह गिरोह खास तौर पर सीनियर सिटीजन को अपना शिकार बनाता था। आरोपी और उसके साथी कभी खुद को पुलिस या CBI अधिकारी बताकर लोगों को डराते, तो कभी फर्जी चेकिंग के नाम पर रास्ते में नकदी और गहने लूट लेते थे। इसके अलावा जमीनों पर अवैध कब्जा, गैरकानूनी हथियार रखना और चोरी का माल बेचने जैसे अपराध भी इस गैंग के खाते में दर्ज हैं।
फिल्मी रहमान डकैत भले ही पर्दे तक सीमित रहा हो, लेकिन भारत का यह ‘रहमान डकैत’ हकीकत में कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती बन चुका था—जिसे सूरत पुलिस ने समय रहते काबू में कर लिया।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

