डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबले से पाकिस्तान के हटने के फैसले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नई हलचल पैदा कर दी है। 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मैच अब अनिश्चितता के घेरे में आ गया है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया है। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था। आईसीसी के समझाने के बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा, जिसके बाद उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया। इसी फैसले से नाराज़ होकर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का ऐलान किया है।
पाकिस्तान के इस रुख से सबसे अधिक असर श्रीलंका पर पड़ता दिख रहा है। भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर जहां टिकटों की जबरदस्त बिक्री हो चुकी है, वहीं इससे जुड़े व्यावसायिक और पर्यटन लाभों पर भी संकट खड़ा हो गया है। इसी को देखते हुए श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को दो पन्नों का विस्तृत पत्र लिखकर अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
SLC ने अपने पत्र में कहा है कि वह ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पूरी तरह तैयार है और श्रीलंका को सौंपे गए सभी मैचों के लिए कमर्शियल, ऑपरेशनल, लॉजिस्टिकल और सुरक्षा से जुड़े इंतजाम पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। बोर्ड ने यह भी बताया कि खासतौर पर भारत बनाम पाकिस्तान मैच के टिकट पहले ही बिक चुके हैं और इसकी मांग अभूतपूर्व रही है।
श्रीलंका क्रिकेट ने चेतावनी दी है कि तय कार्यक्रम के तहत मैच न होने की स्थिति में को-होस्ट देशों को भारी वित्तीय नुकसान, लॉजिस्टिक परेशानियों और प्रतिष्ठा से जुड़े जोखिमों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय दर्शकों की दिलचस्पी से मिलने वाले पर्यटन और आर्थिक लाभ भी प्रभावित होंगे।
अपने पत्र में SLC ने पाकिस्तान को 2009 के लाहौर आतंकी हमले की याद भी दिलाई, जब श्रीलंकाई टीम पर हमला हुआ था और कई खिलाड़ी व अधिकारी घायल हुए थे। इसके बावजूद श्रीलंका ने मुश्किल हालात में भी पाकिस्तान का दौरा किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के हित में उसका समर्थन किया। बोर्ड ने कहा कि कई देशों के पीछे हटने के बावजूद श्रीलंका ने हमेशा पाकिस्तान और PCB के साथ खड़े रहने का फैसला किया।
श्रीलंका क्रिकेट ने उम्मीद जताई है कि इसी आपसी सम्मान और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाते हुए पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच सहित श्रीलंका में होने वाले सभी निर्धारित मुकाबलों में हिस्सा लेगा। SLC ने PCB और पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि वे असाधारण परिस्थितियों, दोनों बोर्डों के लंबे संबंधों और क्रिकेट के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए अपने फैसले पर गंभीरता से पुनर्विचार करें।
पत्र के अंत में SLC ने कहा है कि वह इस मुद्दे पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तान सरकार से जल्द सकारात्मक प्रतिक्रिया की अपेक्षा करता है, ताकि टूर्नामेंट और करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के हित सुरक्षित रह सकें।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

