डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लकी ओबेरॉय की शुक्रवार सुबह पंजाब के जालंधर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के बाहर हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल ओबेरॉय को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुरुद्वारे की पार्किंग में हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक लकी ओबेरॉय रोज की तरह अपनी थार गाड़ी से गुरुद्वारे पहुंचे थे। जैसे ही वे वाहन पार्क कर रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। AAP जालंधर कैंट के हलका इंचार्ज राजविंदर थियारा ने बताया कि ओबेरॉय का गुरुद्वारे आना नियमित था और हमलावरों को उनके रूट और समय की पूरी जानकारी थी।
कम से कम 16 राउंड फायरिंग
हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने कम से कम 16 गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच लकी ओबेरॉय को लगीं। फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
सीसीटीवी और चश्मदीदों से जुटाए जा रहे सुराग
पुलिस टीम आसपास के दुकानदारों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि लकी ओबेरॉय की पत्नी आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगर निकाय चुनाव भी लड़ चुकी हैं, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। ओबेरॉय, कैंट क्षेत्र की आप प्रभारी राजविंदर कौर थियारा के करीबी माने जाते थे। समाचार लिखे जाने तक इस हत्याकांड में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

