डेस्क:पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान से चल रही तनातनी के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को अमेरिकी समकक्ष पीट हेगसेथ से फोन पर बात की है। राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को दिए गए अमेरिका के “अटूट समर्थन” की सराहना की। फोन पर बातचीत में सिंह और हेगसेथ ने भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग को लेकर भी वार्ता की।
सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारत-अमेरिका रक्षा साझेदारी को और गहरा करने तथा क्षमता निर्माण में सहयोग को मजबूत करने के लिए चल रही एवं नई पहलों की समीक्षा करने के लिए अच्छी चर्चा हुई।’ उन्होंने कहा, ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को अमेरिका द्वारा दिए गए अटूट समर्थन की मैंने सराहना की। जल्द ही उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूं।’
पाकिस्तान को लेकर किया सावधान
यह भारत और पाकिस्तान के बीच 7-10 मई को हुए सैन्य संघर्ष के बाद सिंह और हेगसेथ के बीच पहली फोन वार्ता थी। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री से पाकिस्तान का जिक्र करते हुए कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि सीमा पार आतंकवाद को लेकर उसका रिकॉर्ड क्या है। पाकिस्तान आतंकियों का पनाहगाह बना हुआ है और अंतरराष्ट्रीय आतंकी भी वहां मौज से रह रहे हैं।
ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोले रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के पास अपनी रक्षा करने का अधिकार है और सीमा पार आतंकवाद को रोकने के लिए ही ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया था। उन्होने कहा कि भारत ने बिना किसी उकसावे के नपे तुले तरीके से आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। हेगसेथ ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को दोनों देशों में रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका आमंत्रित किया है। इस साल जनवरी में हेगसेथ को अमेरिकी रक्षा मंत्री नियुक्त किए जाने के बाद से यह टेलीफोन पर उनकी तीसरी बातचीत थी।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

