जयपुर : राजधानी जयपुर में गुरुवार को एक अलग ही दृश्य देखने को मिला, जब राज्य के कैबिनेट मंत्री राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ स्वयं सड़क पर उतरकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालते नजर आए। उन्होंने झोटवाड़ा क्षेत्र के प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर यातायात प्रबंधन किया और आमजन से नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने सड़क पर खड़े होकर वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जागरूक किया। मंत्री ने कहा कि केवल चालान काटने से यातायात व्यवस्था नहीं सुधरेगी, बल्कि लोगों की मानसिकता में बदलाव आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि यह पहल केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगी। आने वाले समय में विद्यार्थियों की भागीदारी के साथ नियमित रूप से इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे, ताकि युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
मंत्री ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ानी चाहिए।
इस अभियान के दौरान नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों का उत्साहवर्धन भी किया गया। हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने वालों को धन्यवाद देकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
शहर में बढ़ते यातायात दबाव के बीच इस पहल को जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

