डेस्क : गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। अपनी ही 4 साल की सगी भांजी के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने वाले आरोपी जसीम उर्फ छोटू को स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस ने रविवार रात बंथला नहर के पास एक एनकाउंटर में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
आइसक्रीम दिलाने के बहाने की थी दरिंदगी
पुलिस के अनुसार, घटना 11 अप्रैल की है जब आरोपी जसीम अपनी भांजी को घर के बाहर से आइसक्रीम दिलाने के बहाने फुसलाकर ले गया था। वह बच्ची को अपने कमरे पर ले गया, जहाँ उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पकड़े जाने के डर से उसने मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को शालीमार गार्डन क्षेत्र में एक कार के नीचे छिपाकर फरार हो गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ बर्बरता और गला घोंटने की पुष्टि हुई थी।
ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जसीम दिल्ली भागने की फिराक में है और बंथला नहर के पास अपने साथियों से मिलने आने वाला है। क्राइम ब्रांच और टीला मोड़ पुलिस ने जब घेराबंदी की, तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
-
पुलिस की जवाबी कार्रवाई: पुलिस की जवाबी फायरिंग में जसीम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
-
अस्पताल में मौत: घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
-
घायल पुलिसकर्मी: बदमाशों की गोली लगने से स्वाट टीम के दो मुख्य आरक्षी इकबाल और अमित भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार चल रहा है।
हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने तीन तमंचे, भारी मात्रा में कारतूस, खोखे और एक बाइक बरामद की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी जसीम मुजफ्फरनगर के सिसौली का रहने वाला था और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) पीयूष सिंह ने बताया कि आरोपी ने बेहद जघन्य अपराध किया था। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
