नई दिल्ली: दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्यांग अपनी पत्नी किम हे-यंग के साथ सोमवार को राजघाट पहुंचे, जहाँ उन्होंने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। यह दौरा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच बढ़ते कूटनीतिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।
राजघाट पहुंचने से पहले राष्ट्रपति ली को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका स्वागत किया। समारोह में भारतीय और दक्षिण कोरियाई ध्वज लहराते बच्चों की उपस्थिति ने स्वागत को और भी भव्य बना दिया।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति रविवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री हरश मल्होत्रा ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस यात्रा को दोनों देशों के बीच “विशेष रणनीतिक साझेदारी” को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी राष्ट्रपति ली से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने इस यात्रा को भारत–दक्षिण कोरिया संबंधों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ली के बीच व्यापक द्विपक्षीय वार्ता प्रस्तावित है। चर्चा में जहाज निर्माण, व्यापार, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, उभरती प्रौद्योगिकियाँ तथा सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही दोनों नेता क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा करेंगे।
वार्ता के बाद प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति ली के सम्मान में दोपहर भोज की मेजबानी करेंगे। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में उनके सम्मान में राजकीय भोज आयोजित करेंगी।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत और दक्षिण कोरिया का संबंध प्राचीन सभ्यतागत जुड़ाव, लोकतंत्र और विधि के शासन जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है। यह यात्रा दोनों देशों की उस साझा इच्छा को दर्शाती है, जिसके तहत वे मौजूदा सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ नए क्षेत्रों में साझेदारी को विस्तार देना चाहते हैं।
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब 2025 में दोनों नेताओं के बीच पहले भी जी20 और जी7 जैसे वैश्विक मंचों पर मुलाकात हो चुकी है, जिससे द्विपक्षीय संबंधों में निरंतरता और गति बनी हुई है।













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
