डेस्क:मणिपुर में लगभग एक महीने से लापता छह नागा युवकों के शव बरामद होने के बाद राज्य में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के दौरान छह शव बरामद किए गए हैं, जिनके उन नागा युवकों के होने की आशंका है जिन्हें 13 मई को कांगपोकपी जिले के लेइलोन वैफेई क्षेत्र से अगवा किया गया था।
पुलिस के अनुसार, शवों की बरामदगी के लिए मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) तथा असम राइफल्स के जवानों ने संयुक्त अभियान चलाया। बरामद शवों की पहचान और मौत के कारणों की पुष्टि के लिए आगे की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद नागा समुदाय में गहरा आक्रोश व्याप्त है। नागाओं के शीर्ष संगठन यूनाइटेड नागा काउंसिल (यूएनसी) ने विरोध स्वरूप नागा-बहुल क्षेत्रों में 24 घंटे के पूर्ण बंद का आह्वान किया है। यूएनसी के अनुसार यह बंद 11 जून सुबह 6 बजे से 12 जून सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। संगठन ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों की पहचान तथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि हाल के सप्ताहों में मणिपुर के नागा और कुकी समुदायों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। कुछ दिन पहले 14 कुकी बंधकों की रिहाई के बाद हालात सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन छह लापता नागा युवकों के शव मिलने से स्थिति फिर संवेदनशील हो गई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
