नई दिल्ली : देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार में प्रवेश कर चुका है और इसके आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को देश के 13 राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को मौसम सक्रिय रहेगा। कई क्षेत्रों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
आईएमडी ने बिहार और झारखंड के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अनुमान जताया है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में भी शुक्रवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय मानसूनी प्रणाली के संयुक्त प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा गतिविधियां बढ़ी हैं। इसके चलते कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि आंधी और बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में लोग पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें तथा स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत