मुंबई:दक्षिण मुंबई में शनिवार को ग्रैंड रोड रेलवे स्टेशन के पास स्थित चार मंजिला रिहाइशी इमारत की बालकनी का कुछ हिस्सा ढह गया। इस चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि रुबिन्निसा मंजिल नामक इमारत ग्रैंड रोड रेलवे स्टेशन के पास स्लीटर रोड पर स्थित है। उन्होंने कहा कि घटना दोपहर करीब 11 बजे हुई। अधिकारी ने कहा, बालकनी का कुछ हिस्सा ढहने के कारण 4 लोग घायल हो गए। उन्हें एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि तीन अन्य का इलाज किया जा रहा है।’
अधिकारी के मुताबिक, यह महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण की पुरानी इमारत है। इसे बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने खतरनाक घोषित किया है। उन्होंने कहा कि इस इमारत को पहले भी नोटिस जारी किया गया था। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद इमारत से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बता दें कि मुंबई और उसके उपनगरों में शनिवार को रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। इसके कारण महानगर के कुछ इलाकों में पानी भर गया लेकिन लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।
अगले 2 दिन में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना
आईएमडी ने नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में शनिवार को भारी बारिश और अगले 2 दिन में अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलें। उसने शनिवार को चंद्रपुर के लिए रेड अलर्ट और नागपुर, अमरावती व वर्धा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने मुंबई में भी मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। आएमडी के अधिकारी ने बताया कि मुंबई में सुबह 11 बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 4.24 मीटर और रात 11 बजकर 24 मिनट पर 3.66 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है। बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण महानगर के कुछ इलाकों में पानी जमा हो गया। इसके कारण कुर्ला क्षेत्र में शीतल सिनेमा और काले मार्ग के पास की सड़क पर यातायात को अन्य मार्गों की ओर मोड़ दिया गया।













देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत
