डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की सफल स्पेस यात्रा के बाद भारत के अगले अंतरिक्ष मिशनों की तैयारी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस मुद्दे पर कहा कि शुभांशु शुक्ला की यात्रा ने हमारे भविष्य कि मिशनों को विशेषज्ञता प्रदान की है। हमारा अगला अंतरिक्ष यात्री अब स्वदेश निर्मित अंतरिक्ष यान में स्पेस की यात्रा पर जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन अपने मानव अंतरिक्ष यान मिशन को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। जो 2027 में दो अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की कक्षा में ले जाएगा। शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष में भेजना इसी मिशन का हिस्सा है।
पीटीआई के साथ बात करते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा, “अगला मिशन पूरी तरह से स्वदेशी होगा, भारत में ही विकसित किया जाएगा, बिल्कुल शुरुआत से। भारतीय अंतरिक्ष यात्री पहली बार किसी भारतीय अंतरिक्ष यान में जा रहे हैं। यह हमें दुनिया के उन विशिष्ट देशों की श्रेणी में भी शामिल कर देगा जो वास्तव में ऐसा करने में सक्षम हैं। और यह हमारे भविष्य के प्रयासों का मार्ग भी प्रशस्त करेगा, जिसमें अपना स्वयं का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना भी शामिल है।”
आपको बता दें अभी जिस अंतरिक्ष स्टेशन में शुभांशु शुक्ला रहकर आए हैं उसका संचालन पांच देशों की एजेंसियां करती हैं, जिसमें नासा, रोस्कोसमोस, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी, जापान और कनाडा की अंतरिक्ष एजेंसी शामिल है। वहीं चीन का अपना अंतरिक्ष स्टेशन है, जिसका नाम तियांगोंग है।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि भारत आने वाले वर्षों में अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की तैयारी कर रहा है। इस मिशन के लिए हम विदेशी प्रयोगों और अतंरिक्ष यात्रियों की मेजबानी के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा, “हम अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने के लिए उत्सुक हैं। संभवतः यह वर्ष 2035 तक संभव हो जाएगा और हमने इसका नाम भारत अंतरिक्ष स्टेशन रखने का भी फैसला किया है।”













मुख्य समाचार
देश
राज्य-शहर
विदेश
बिजनेस
मनोरंजन
जीवंत

